मथुरा में गरजा बहुजन-मुस्लिम मोर्चा, CAA-UCC और वक्फ कानून के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

मथुरा: में भारत मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय मुस्लिम मोर्चा एवं बहुजन मुक्ति पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान अनेक संवैधानिक, सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू के नाम जिलाधिकारी मथुरा के जरिए ज्ञापन सौंपा गया।

धरना-प्रदर्शन में वक्ताओं ने CAA, UCC एवं वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 को संविधान के मूल ढांचे और देश की बहुलतावादी पहचान के खिलाफ बताते हुए इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने संविधान के अनुच्छेद 25, 26, 27, 28 एवं 29 के तहत धार्मिक स्वतंत्रता, पूजा-प्रबंधन, शिक्षा और सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।

मुसलमानों एवं ईसाइयों को गौकशी और धर्मांतरण के आरोपों में निशाना बनाए जाने, मॉब लिंचिंग की घटनाओं तथा बेगुनाह युवाओं, उलेमाओं और पादरियों की गिरफ्तारी पर गहरी चिंता जताई गई।

आंदोलनकारियों ने कथित रूप से निर्दोष लोगों की रिहाई और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग किया है।
संगठनों ने “कम्युनल वायलेंस प्रिवेंशन एक्ट” लागू करने,

मस्जिदों, मदरसों, दरगाहों, बुद्ध विहारों, गुरुद्वारों एवं चर्चों पर हमलों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने तथा प्लेस ऑफ वर्शिप एक्ट 1991 का कड़ाई से पालन कराने की मांग भी उठाई।

अपने ज्ञापन में SC, ST, OBC एवं धर्म परिवर्तित अल्पसंख्यकों को जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने, संविधान के अनुच्छेद 341(3) में लगी पाबंदी हटाने तथा गोपाल सिंह समिति, सच्चर समिति, मिश्रा आयोग और कुंडू समिति की लंबित सिफारिशों को लागू करने की मांग की गई।

इसके अलावा बहुजन मुक्ति पार्टी ने स्मार्ट मीटर, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन तथा गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में “चूल्हा जलाओ आंदोलन” चलाते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

धरने के दौरान थाना गोवर्धन क्षेत्र की देवसेरस पुलिस चौकी प्रभारी पर शाहरुख नामक युवक को कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को अलग ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चौधरी इसराइल मलिक (प्रदेश उपाध्यक्ष), क्षेत्रपाल सिंह (मंडल अध्यक्ष, बहुजन मुक्ति पार्टी आगरा), मेहताब सिंह (कार्यकारी जिला अध्यक्ष, बहुजन मुक्ति पार्टी मथुरा),

जितेंद्र निषाद (राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष), मोहन सिंह, विजेंद्र सिंह बौद्ध, एडवोकेट जीएस अब्बास, एडवोकेट अनवर हुसैन, एडवोकेट सहवाज उस्मानी,

लोकेश रही, हनीफ खान, हाजी सूफी शाहिद, आशिक अली, रफीक अल्वी, बबलू कुरैशी, समाजवादी पार्टी के मुकेश कुमार, नैना खान सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *