गोरखपुर। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के निर्देश पर रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को आबकारी निरीक्षक एस.एन. वर्मा, क्षेत्र-2 के नेतृत्व में टीम ने कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम रमचौरा में दबिश दी।
दबिश के दौरान आबकारी टीम ने मौके से करीब 12 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्ता को पकड़ा गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों का भी गहन निरीक्षण किया। दुकानदारों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में मदिरा की ओवर रेट बिक्री न हो।
अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित समय पर ही दुकान खोलने और बंद करने तथा शराब की समस्त बिक्री पाश मशीन के माध्यम से सुनिश्चित करने की कड़ी हिदायत दी।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत दिए हैं।

