सपा का बड़ा सियासी दांव: आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी की एंट्री, शिक्षक MLC चुनाव में बदले प्रत्याशी

Gorakhpur Halchal

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने शिक्षक क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर बड़ा सियासी बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में

आस्था जताते हुए आगरा शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद के पूर्व प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ आए समर्थकों का भी स्वागत किया गया।

पार्टी में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने डॉ. आकाश अग्रवाल को आगरा शिक्षक क्षेत्र से तथा डॉ. संजयन त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।

पार्टी ने इन दोनों सीटों पर पहले घोषित प्रत्याशियों प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमलेश यादव की जगह नए प्रत्याशियों को मैदान में उतारने का फैसला किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पहले घोषित दोनों प्रत्याशियों प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमलेश यादव की सहमति से डॉ. आकाश अग्रवाल और डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया गया है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शिक्षक क्षेत्र के इस चुनाव को पूरी ताकत से लड़ने की अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता इसे अपना चुनाव मानकर मैदान में उतरेंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल और डॉ. संजयन त्रिपाठी के साथ समाजवादी पार्टी द्वारा घोषित शिक्षक और स्नातक क्षेत्र के सभी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पार्टी पूरी मेहनत करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज पार्टी और संगठन के हित में त्याग किया है, उनका सम्मान हमेशा बना रहेगा और समय आने पर उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा।

फिलहाल सपा के इस बड़े फेरबदल के बाद शिक्षक MLC चुनाव में राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *