अमन और अनुशासन के साए में मनाया जाएगा मुहर्रम, अधिकारियों ने किया अपील

gorakhpur halchal

गोरखपुर: आगामी मुहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारंपरिक स्वरूप में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को आइडियल मैरेज हाउस में इमामचौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मुतवल्लियों और समाजसेवियों ने हिस्सा लिया तथा मुहर्रम से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक की अध्यक्षता कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने की, जबकि मुख्य अतिथि वरिष्ठ काउंसलर एवं कमेटी संरक्षक खैरूल बशर रहे, संचालन मुर्तजा हुसैन रहमानी ने किया।

बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुहर्रम के जुलूस केवल पारंपरिक स्वरूप में ही निकाले जाएंगे। किसी भी नई परम्परा या नई व्यवस्था को अनुमति नहीं दी जाएगी।

कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह, तिवारीपुर थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह और राजघाट थाना प्रभारी गौरव वर्मा ने कहा कि शासन और प्रशासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी सहयोग करें।

कमेटी संरक्षक खैरूल बशर ने बताया कि मुहर्रम इंसाफ, कुर्बानी, सब्र और इंसानियत का संदेश देने वाला महीना है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि जुलूस शुरू होने से पहले सभी मार्गों की सफाई, सड़क मरम्मत और विरासत गलियारे से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।

कमेटी अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने नगर निगम से ताजिया स्थलों और इमामचौकों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि अकीदतमंदों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पूर्व पार्षद अशरफ अली ने कहा कि मुहर्रम के दौरान सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। वहीं कमेटी के सचिव एवं पूर्व पार्षद नबीउल्लाह अंसारी ने

जुलूस मार्गों पर झूल रहे बिजली के तारों को तत्काल ऊंचा कराने की मांग उठाई और इसे सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत आवश्यक बताया।

वरिष्ठ समाजसेवी आसिम खान ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में मुहर्रम मनाने की अपील किया।

बैठक में शिया फेडरेशन के सरपरस्त एडवोकेट एजाज रिजवी, पार्षद बरकत अली, पूर्व पार्षद मुहम्मद अख्तर, मंसूर आलम, रजी अहमद, बृजेन्द्र अग्रहरी,

हाजी कलीम अहमद फरजंद, शकील अहमद अंसारी, मिस्बाहुद्दीन ‘मिस्वा भाई’, इरफान घोसी, आजम अली घोसी, मोहम्मद रजी, मुशर्रफ अली, मेराजुद्दीन एवं फैसल अंसारी सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

बैठक में बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों के मुतवल्ली, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों के लिए पेतानी राइस के प्रो. नवाज कलीम शिबू की ओर से “हुसैनी जलपान” की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसकी सभी ने सराहना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *