गोरखपुर क्लब में गरबा-डांडिया की धूम! ‘गरबा री रात 6.0’ में रंग-बिरंगे परिधानों के बीच झूमे लोग

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। शहर के गोरखपुर क्लब में 16 अक्टूबर को मारवाड़ी युवा मंच, गोरखपुर की ओर से आयोजित ‘गरबा री रात 6.0’ ने उत्सव और उमंग के रंग बिखेर दिए।

रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक गुजराती और राजस्थानी परिधान तथा गरबा-डांडिया की मधुर धुनों के बीच पूरा परिसर उत्सवी माहौल में सराबोर नजर आया। प्रतिभागियों ने संगीत की थाप पर जमकर गरबा और डांडिया खेला तथा कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की खूबसूरत झलक देखने को मिली। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्सव में हिस्सा लिया।

गरबा और डांडिया की लय पर थिरकते कदमों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। आयोजन ने लोगों को मनोरंजन के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्रदान किया।

मारवाड़ी युवा मंच के शाखा अध्यक्ष दुर्गेश बजाज ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति और हमारी समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भविष्य की चिंताओं और भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यस्त रहती है। ऐसे कार्यक्रम उन्हें अपने समाज, संस्कृति और पारंपरिक धरोहरों से जुड़ने का अवसर देते हैं।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक गुजराती और राजस्थानी परिधानों में सजे महिला, पुरुष और बच्चे भारतीय संस्कृति की सुंदरता को और बढ़ाते हैं।

इस तरह के आयोजन सामाजिक मेल-मिलाप को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत का परिचय भी कराते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच की आयोजन टीम और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष दुर्गेश बजाज,

सचिव संचित भालोटिया, पूर्व अध्यक्ष नवीन पार्लीवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मयंक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, सलाहकार अभिषेक पोद्दार और कार्यक्रम उपाध्यक्ष अंकित पोद्दार का योगदान सराहनीय रहा।

वहीं, कार्यक्रम निदेशक मनीष केडिया, गौरव चिरानिया, मयंक केडिया और उमंग केडिया ने आयोजन को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *