स्वदेशी का बिगुल! गोरखपुर में टीम का ऐलान, ‘जब बाजार जाएंगे, सामान स्वदेशी लाएंगे’ का लिया संकल्प

स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान, गोरक्ष प्रांत द्वारा सोमवार को स्थानीय प्रेस क्लब में ‘नवनियुक्त पदाधिकारी सम्मान समारोह’, ‘सामूहिक स्वदेशी संकल्प’ एवं ‘कार्यकर्ता परिचय वर्ग’ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में संगठन की नई प्रांतीय एवं जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई तथा स्वदेशी अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोरक्ष प्रांत के प्रांत संयोजक धीरज राय ने कहा कि स्वदेशी केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और परम वैभवशाली बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है।

उन्होंने कहा कि ‘स्वावलंबी भारत अभियान’ के माध्यम से गोरक्ष प्रांत के अंतिम घर तक स्वदेशी की अलख जगाई जाएगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें मिला दायित्व केवल पद नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है।

यूथ नेता देवेश सिंह ने कहा कि स्वदेशी का संकल्प हर जन-जन तक पहुंचाना और देश समाज को समृद्ध बनाना ही हमारा लक्ष्य है।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि भारत की आर्थिक संप्रभुता को मजबूत करने के लिए स्वदेशी को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने सभी नागरिकों से “जब बाजार जाएंगे, सामान स्वदेशी लाएंगे” के संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में गोलघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अभिषेक शाही, उपाध्यक्ष गौरीशंकर सरावगी, विभाग संयोजक नवीन चौरसिया, प्रांत संपर्क प्रमुख देवेश सिंह,

प्रांत युवा प्रमुख हिमांशु तिवारी, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष सत्यार्थ मिश्रा, क्षेत्रीय महामंत्री मणिनाथ गुप्ता, समाजसेवी आशीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, प्रबुद्ध नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में “जब बाजार जाएंगे, सामान स्वदेशी लाएंगे” का संकल्प लेकर देश को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *