गोरखपुर। रेलवे पेंशन भोगियों के लिए राहत भरी खबर देखने को मिली है। अब जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की परेशानियां कम करने के उद्देश्य से लखनऊ रेल मंडल की ओर से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन किया गया।
इसमें 50 से अधिक पेंशन भोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता प्रदान किया गया।
AC Lounge में लगा विशेष शिविर
याद दिलाते चलें कि 5 नवंबर, 2026 को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के एसी लाउंज में आयोजित इस शिविर में रेलवे के लेखा एवं कार्मिक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता किया।
शिविर में लेखा विभाग से रवि शंकर श्रीवास्तव एवं मंदीप कुमार सिंह तथा कार्मिक विभाग से सुबोध श्रीवास्तव एवं श्वेता सिंह मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पेंशन भोगियों को न केवल ऑनलाइन जीवन प्रमाण एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया समझाया बल्कि प्रमाण-पत्र बनवाने में आवश्यक सहयोग भी दिया।
घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण-पत्र
शिविर का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करना था।
इसके माध्यम से पेंशनर्स को यह जानकारी दी गई कि वे डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करके घर बैठे अपना जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं।
इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्ग पेंशन भोगियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी प्रक्रिया से राहत मिलने की उम्मीद है।

