गोरखपुर: NER पेंशनर्स एसोसिएशन राप्ती नगर द्वारा रविवार 24 मई, 2026 को शाहपुर थाना चौक स्थित सीजन रेस्टोरेंट में भव्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम यादगार बन गया। आयोजन में लगभग 150 रेलवे पेंशनर्स शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. भारत भूषण, पूर्व विभागाध्यक्ष ललित कला एवं संगीत विभाग, पं. दीन दयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत एसोसिएशन के सचिव एम.एम. तिवारी द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के स्वागत से हुई। उन्होंने एसोसिएशन की बढ़ती लोकप्रियता और वरिष्ठ नागरिकों के बीच इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत के बाद महासचिव मुन्नी लाल गुप्ता ने अपने संबोधन में एसोसिएशन की भूमिका और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित प्रेरणादायक कार्यक्रमों की सराहना किया।
वहीं उपाध्यक्ष राधे श्याम सिंह ने एसोसिएशन की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को इससे जुड़ने की अपील किया।
मुख्य अतिथि डॉ. भारत भूषण ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का इतना मनोहारी और जीवंत आयोजन विरले ही देखने को मिलता है, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
राकेश श्रीवास्तव ने भोजपुरी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का दिल जीत लिया। जबकि मीरा सिकदर, स्मृति दत्ता, बेचन गौर एवं उनके सहयोगियों ने नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, रेलवे कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, यूनियन बैंक गीता वाटिका के प्रबंधक, मीडिया कर्मियों एवं कलाकारों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने आयोजन की सफलता पर सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में श्रीमती कमलासिनी तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
आयोजन को सफल बनाने में डी.एम. त्रिपाठी, भानु प्रकाश, उमेश चन्द्र सिंह, बी.बी. मल्ल, डी.एन. सिंह, रामाकांत सिंह, युगल किशोर सिंह सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, सदस्यों, बैंक अधिकारियों, कलाकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।


