गोरखपुर: डॉ. राममनोहर लोहिया शिक्षण संस्थान (पकड़ी बाबू) के कुलमुख्य, पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व विधायक रहे समाज सुधारक और शिक्षाविद रुद्रप्रताप सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
उनके महाप्रयाण पर पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ एवं रेल कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री एवं NFIR (नई दिल्ली) के सहायक महामंत्री विनोद कुमार राय ने केंद्रीय मुख्यालय से बाहर होने के कारण अपना शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि
“रुद्रप्रताप सिंह का निधन समाज और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका संपूर्ण जीवन गरीबों, शोषितों, वंचितों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित रहा। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।”
महामंत्री विनोद कुमार राय ने कहा कि दिवंगत के दामाद एवं रेलवे के कमर्शियल विभाग के कर्मचारी धर्मेंद्र चंद्र संगठन के सुख-दुख के विश्वसनीय सहयोगी रहे हैं, जबकि उनके पुत्र चंचल सिंह से भी वर्षों का आत्मीय और पारिवारिक संबंध रहा है।
उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा रेल परिवार शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।महामंत्री की अनुपस्थिति में PRKS के केंद्रीय कार्यालय में
आयोजित शोक सभा में वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने रुद्रप्रताप सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में देवेश सिंह, शमशाद अहमद, संजीव धर, अंशुमाल पाठक सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं रेल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
सभा के अंत में संयुक्त वक्तव्य जारी कर कहा गया कि रुद्रप्रताप सिंह के आदर्श, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेगी।
सभी उपस्थित लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


