कफ़न ओढ़कर सरकार को चेताएंगे कर्मचारी! 15 जुलाई को गोरखपुर में OPS की बहाली के लिए बड़ा प्रदर्शन

गोरखपुर: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग स्थित डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन में संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 जुलाई, 2026 को

दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव कफ़न ओढ़कर शांतिपूर्ण एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करेंगे।

यह विरोध पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, आठवें वेतन आयोग में 3.86 फिटमेंट फैक्टर लागू करने, कोरोना काल में फ्रीज किए गए डीए एरियर के भुगतान तथा कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जाएगा।

रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी संगठन वर्षों से ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और लोकतांत्रिक आंदोलनों के माध्यम से अपनी मांगें उठाते रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कफ़न ओढ़कर किया जाने वाला यह प्रदर्शन किसी टकराव का नहीं, बल्कि सरकार तक कर्मचारियों की पीड़ा पहुँचाने का प्रतीकात्मक और लोकतांत्रिक प्रयास है।

पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों के भविष्य और सामाजिक सुरक्षा का सबसे बड़ा आधार है तथा सरकार को इस पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

सरकार से अपील है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों का समाधान किया जाए, अन्यथा कर्मचारियों की नाराजगी का असर राजनीतिक रूप से भी देखने को मिल सकता है।

बैठक में उपस्थित कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने 15 जुलाई के आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *