गोरखपुर: मिली जानकारी के मुताबिक महानगर कांग्रेस कमेटी ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
कोतवाली रोड स्थित अमन मैरेज हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में संगठन विस्तार, बूथ मजबूती और चुनावी रणनीति पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव दिलीप कुमार निषाद मौजूद रहे।
बैठक में महानगर के पदाधिकारियों और वार्ड अध्यक्षों ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव रखे।
इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा जिनमें अधिवक्ता दीपक पाण्डेय, सौरभ मिश्रा, रविन्द्र त्रिपाठी, सोनू कुमार,
अजय कुमार यादव, प्रद्युम्न त्रिपाठी और सुनील चौरसिया प्रमुख रहे। सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।
महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने कार्यकर्ताओं से बूथवार वोटर लिस्ट की समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, गैस, पेट्रोल-डीजल और घरेलू खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान है और सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, जिससे संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।


