गोरखपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा गोरखपुर जिला एवं महानगर द्वारा सर्किट हाउस में आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में
उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री एवं गोरखपुर के प्रभारी मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा है।
मंत्री स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने योजनाओं को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए 100 प्रतिशत सैचुरेशन के लक्ष्य पर कार्य किया।
उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) और आधार प्रमाणीकरण व्यवस्था के माध्यम से लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाया गया, जिससे सरकार को लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई और पात्र लोगों तक समय पर सहायता पहुंची।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना के तहत देशभर में एक करोड़ से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए हैं।
वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव लाया गया है।
उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेलवे,
हवाई अड्डों, डिजिटल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिसने भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान किया है।
स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता देते हुए अंत्योदय की भावना को साकार किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष, विधान परिषद सदस्य, ग्रामीण विधायक, सहजनवा विधायक आदि महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्या, चंदन त्रिपाठी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


