ग्रेट निकोबार की प्राकृतिक धरोहर बचाने के लिए कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

gorakhpur halchal

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी, गोरखपुर द्वारा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में ग्रेट निकोबार द्वीप की प्राकृतिक धरोहर,

जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में गोलघर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के समक्ष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने

बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा ग्रेट निकोबार द्वीप के पर्यावरणीय संतुलन, वन संपदा और आदिवासी समुदायों के हितों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद किया है।

उपस्थित लोगों ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि ग्रेट निकोबार केवल एक द्वीप नहीं, बल्कि देश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है। वहां की जैव विविधता, घने वन और पारिस्थितिक तंत्र राष्ट्रीय संपदा हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की पक्षधर रही है। ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित परियोजनाओं के कारण वहां की प्राकृतिक संपदा, वन्यजीवों और स्थानीय समुदायों पर पड़ने वाले प्रभावों को गंभीरता से समझना होगा।

विकास आवश्यक है, लेकिन वह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों की कीमत पर नहीं होना चाहिए। आज का यह हस्ताक्षर अभियान देश की प्राकृतिक धरोहरों को बचाने के लिए जनजागरण का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक क्षेत्र का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर ग्रेट निकोबार की पर्यावरणीय विरासत को सुरक्षित रखने के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।

इस अवसर पर प्रमोद नायक, कमांडो कमल किशोर, सदल प्रसाद, गोरखलाल श्रीवास्तव, सतेंद्र निषाद, विक्रमादित्य, जयंत पाठक,

डॉ चिन्मय पाण्डेय, राजीव कुमार पाण्डेय, महेंद्र मिश्र, व्यासमुनि उपाध्याय, ज्ञानेंद्र शाही, अनवर हुसैन,राजेश निषाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *