गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सैथवार मल्ल समाज ने राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
रविवार को नेपाल क्लब में सैथवार मल्ल महासभा की ओर से आयोजित क्षेत्रीय विकास एवं सांस्कृतिक महोत्सव में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन में सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन विस्तार और राजनीतिक अधिकारों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैथवार ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री जनार्दन सिंह फौजी ने किया।
गंगा सिंह सैथवार ने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में जो राजनीतिक दल समाज को आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व और टिकट देगा, समाज उसे समर्थन देने पर विचार करेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विश्वजीत सिंह और अजय कुमार मल्ल ने समाज से आपसी मतभेद भुलाकर राजनीतिक अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।
वहीं, राम सिंह मास्टर साहब ने शिक्षा को समाज की प्राथमिकता बताते हुए जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद पर जोर दिया।
जनार्दन सिंह फौजी ने संगठन को विधानसभा, ब्लॉक और ग्राम स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। महासभा की ओर से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग तथा छात्रावास निर्माण जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भोला सिंह फौजी, इंजीनियर राम आसरे सिंह, संजय सिंह, किशन सिंह, सत्य प्रताप सिंह, विनोद फौजी, ज्योति सिंह और डॉ. इंदुमती सिंह सहित समाज के हजारों लोग मौजूद रहे।

