पुरानी पेंशन बहाली (OPS), आठवें वेतन आयोग में 3.85 फिटमेंट फैक्टर लागू करने और कर्मचारियों से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान कर्मचारी हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। परिषद अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली,
आठवें वेतन आयोग के गठन के समय 3.85 फिटमेंट फैक्टर निर्धारित करने, रेलवे किराया रियायत को पुनः शुरू करने तथा कोरोना काल में रोके गए डेढ़ वर्ष के डीए एरियर के भुगतान सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।
रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था के कारण कर्मचारियों में भविष्य की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
ऐसे में कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत को देखते हुए आठवें वेतन आयोग में 3.85 फिटमेंट फैक्टर लागू किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को उचित आर्थिक राहत मिल सके।
उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए रेलवे किराया रियायत सुविधा को बहाल करने की भी मांग उठाई। इसके अलावा कर्मचारी कल्याण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने परिषद द्वारा प्रस्तुत मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि केंद्र सरकार कर्मचारी हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों से संबंधित सभी न्यायोचित और व्यावहारिक मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार किया जाएगा तथा कर्मचारी हित में आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के बाद परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के सकारात्मक रुख से कर्मचारियों में नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेगी। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की मजबूती बनाए रखने और एकजुट रहने का आह्वान किया।


