गोरखपुर: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की आवश्यक बैठक लोक निर्माण विभाग के डाक बंगला परिसर में आयोजित हुई जिसकी अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने तथा संचालन महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने किया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का बजट के अभाव में अप्रैल माह का वेतन न मिलने का गंभीर मुद्दा उठाया गया।
अध्यक्ष रूपेश श्रीवास्तव एवं महामंत्री मदन मुरारी ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश तथा स्वास्थ्य मंत्री उत्तर प्रदेश को ट्वीट कर तत्काल बजट जारी कर कर्मचारियों का वेतन भुगतान कराने की मांग किया।
दोनों नेताओं ने कहा कि समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा कार्य क्षमता भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन भी अभी तक लंबित है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग हैं और सरकारी योजनाओं एवं कार्यों को धरातल पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऐसे में सरकार को चाहिए कि सभी नियमित, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का वेतन समय से जारी कराया जाए, जिससे कर्मचारी पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस बैठक में श्रीनाथ गुप्ता एडवोकेट, अशोक पांडे, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, राजेश मिश्रा, अनूप कुमार, इंजी. सौरभ श्रीवास्तव, रामधनी पासवान, महंगू प्रसाद, निशिकांता चौधरी, सुशील शर्मा, डॉ. सरिता सिंह सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।


