गोरखपुर: राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोरखपुर से मुलाकात कर एएनएम संवर्ग की लंबित समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने पटल एवं कार्यक्षेत्र परिवर्तन, टीबीआई प्रोत्साहन राशि के नियमित भुगतान, एनपीएस कटौती और कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
परिषद ने सीएमओ को बताया कि एएनएम संवर्ग स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है और जनपद में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ऐसे में कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिलना बहुत ही जरूरी है। अपने ज्ञापन में इन्होंने मांग किया है कि
“जिन ANM कर्मियों की पटल अथवा कार्यक्षेत्र परिवर्तन की इच्छा नहीं है, उन्हें वर्तमान स्थान पर ही कार्य करने दिया जाए, ताकि विभागीय कार्य प्रभावित न हो और कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।”
परिषद ने टीबीआई प्रोत्साहन राशि के भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाते हुए बताया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन राशि का भुगतान नियमित रूप से नहीं हो पा रहा है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। परिषद ने माहवार भुगतान सुनिश्चित करने की मांग किया है।
वर्ष 2023 बैच की एएनएम कर्मियों की एनपीएस कटौती अब तक शुरू न होने पर भी परिषद ने चिंता जताकर कहा कि आवश्यक प्रपत्र कई बार जमा किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिषद ने इस प्रक्रिया को जल्द शुरू कराने की मांग रखी।
बैठक के दौरान परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत इलाज में अस्पतालों द्वारा की जा रही आनाकानी तथा चिकित्सा प्रतिपूर्ति में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि कई अस्पताल कैशलेस कार्ड पर इलाज करने से बचते हैं और प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया में भी अनावश्यक विलंब होता है। उन्होंने इसे समयबद्ध बनाने और अस्पतालों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एएनएम संवर्ग की सभी समस्याओं तथा कैशलेस चिकित्सा एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। विभागीय स्तर पर हल होने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
परिषद अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा।
इस अवसर पर अनिल द्विवेदी, अनूप कुमार, राजेश मिश्रा, सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली सहित एएनएम संवर्ग की नीलम यादव, मंजू राय, सीमा राय, प्रियंका, निशिकांति चौधरी, सुमन गौतम, शोभा चौधरी समेत कई कर्मचारी उपस्थित रहे।


