उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा की जिला इकाई ने ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान को लेकर बैठक किया है रानीडीहा स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में
जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पदयात्रा और जनसंवाद के माध्यम से जनता तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं खजनी विधायक श्रीराम चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘संविधान और जनमत से चलेगा देश’: अजय सिंह गौतम
बैठक के मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने कहा कि देश संविधान और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के आधार पर चलता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड पात्र गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
भाजपा गोरखपुर जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़ तंत्र हटाओ’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

