गोरखपुर। जन्मदिन पर केक काटकर जश्न मनाने की परंपरा से अलग दो नारी शक्तियों ने अपने जन्मदिन को रक्तदान और मानवसेवा के नाम समर्पित कर समाज के सामने अनूठी मिसाल पेश की।
ओम फिटनेस योग संस्थान एवं सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट, गोरखपुर के तत्वावधान में जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी एवं महिला प्रभारी शोभा पांडे के जन्मदिन के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
खास बात यह रही कि दोनों के सेवा कार्यों और सामाजिक समर्पण से प्रेरित होकर लगातार चौथे वर्ष उनके जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका पुष्पलता अम्मा रहीं। शिविर में अरविंद यादव, रविंद, मनीष साहनी, तरुण साहनी, अरुण श्रीवास्तव, मीना शर्मा, सरिता त्रिपाठी,
ममता निषाद, लुसी मौर्या, राजबीर चौधरी, शोभा पांडे, परी प्रजापति एवं श्वेता साहनी समेत अनेक समाजसेवी और रक्तदाता मौजूद रहे। रक्तदान के साथ जन्मदिन का केक काटकर उत्सव मनाया गया।
आयोजक योगी धर्मेश्वर ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की।
श्वेता साहनी एवं शोभा पांडे ने रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके लिए जन्मदिन का वास्तविक उत्सव जरूरतमंदों की मदद और मानवता की सेवा है।

