श्रमिकों के स्वास्थ्य की होगी जांच, एक ही छत के नीचे मिलेगा इलाज और योजनाओं का लाभ

गोरखपुर हलचल

गोरखपुर। औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्रमिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर श्रम विभाग, गोरखपुर की ओर से तीन दिवसीय ‘श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर का आयोजन 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक गीडा स्थित उद्योग भवन (चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज) के सभा कक्ष एवं ESIC औषधालय परिसर में किया जा रहा है।

शिविर में श्रमिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, ओपीडी, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, रेफरल सुविधा तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी जागरूकता उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके साथ ही श्रमिकों को श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ श्रमिक पंजीयन, नवीनीकरण तथा विभिन्न योजनाओं के हितलाभ एवं सहायता से संबंधित व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

इस पहल के तहत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, उत्तर प्रदेश राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग,

कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC), कर्मचारी राज्य बीमा योजना, उद्योग विभाग, औद्योगिक विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक संगठनों एवं सेवायोजकों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।

शिविर में निर्माण श्रमिकों के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

श्रम विभाग ने गोरखपुर के श्रमिक संगठनों, प्रतिष्ठान स्वामियों, व्यापार एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक श्रमिकों को शिविर की जानकारी दें और उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *