गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। शाहपुर थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम, सर्विलांस सेल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण और 90,500 रुपये नकद समेत करीब 50 लाख रुपये का सामान बरामद हुआ है।
साइकिल से रेकी, दिनदहाड़े चोरी: पुलिस के अनुसार, आरोपी साइकिल से रेलवे कॉलोनी में घूमकर सूने और बंद क्वार्टरों की रेकी करते थे।
रेलवे कर्मचारियों के ड्यूटी पर जाने के बाद बंद मकानों को निशाना बनाकर कथित तौर पर ताले तोड़ते और आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रत्नेश अग्रहरि पुत्र रविन्द्र प्रसाद अग्रहरि और रविन्द्र प्रसाद अग्रहरि पुत्र स्वर्गीय रामलखन प्रसाद अग्रहरि के रूप में हुई है। दोनों मोहनपुर पासी टोला, पादरी बाजार, थाना शाहपुर, गोरखपुर के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस को इन चोर पिता पुत्र से सोने-चांदी के आभूषणों का जखीरा बरामद हुआ है। इसमें सोने की 9 अंगूठियां, 2 हार, 12 झुमके, 5 मंगलसूत्र, 4 चेन, 1 मांग टीका, 4 लॉकेट, 3 नथिया, 1 कड़ा, 1 हंसुली, 1 ज्योतिया, 1 माला और 1 कान की बाली शामिल है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा किया गया। इस दौरान एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह, सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद मौजूद रहे।
कार्रवाई में शाहपुर थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

