गोरखपुर: पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के ऐतिहासिक त्रिवार्षिक महा-अधिवेशन में संगठन ने एक बड़ा और दूरदर्शी फैसला लेते हुए युवा नेतृत्व को नई ताकत प्रदान की है।
अधिवेशन में जहां रमेश मिश्रा को केंद्रीय अध्यक्ष और विनोद कुमार राय को पुनः केंद्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई,
वहीं संगठन के लोकप्रिय युवा नेता एवं युथ अध्यक्ष देवेश सिंह को केंद्रीय कार्यकारिणी में सहायक महामंत्री के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया।
देवेश सिंह को केंद्रीय नेतृत्व में शामिल किए जाने की घोषणा होते ही अधिवेशन स्थल पर मौजूद युवा रेल कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
युवा कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन में नई सोच, नई ऊर्जा और युवा शक्ति को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।
अधिवेशन की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब आईआरटीएसओ (IRTSO) के राष्ट्रीय नेता पवन राय विशेष रूप से कार्यक्रम में पहुंचे।
अपने संबोधन में उन्होंने रेल कर्मचारियों की एकता और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों, अधिकारों और न्याय की लड़ाई में उनका संगठन हमेशा मजबूती से साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कर्मचारियों से संगठित रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। देवेश सिंह को मिली नई जिम्मेदारी पर युवा रेल कर्मचारियों और युथ विंग के पदाधिकारियों ने केंद्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्रा और केंद्रीय महामंत्री विनोद कुमार राय का आभार व्यक्त किया।
युवा नेताओं का कहना था कि शीर्ष नेतृत्व ने हमेशा युवाओं की क्षमता और योगदान पर भरोसा जताया है। देवेश सिंह जैसे जुझारू और जमीनी नेता को केंद्रीय कार्यकारिणी में शामिल कर संगठन ने यह संदेश दिया है कि युवाओं की भागीदारी संगठन की प्राथमिकता है।
रेलवे में बढ़ते निजीकरण, आउटसोर्सिंग और पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली जैसे अहम मुद्दों के बीच युवाओं को उम्मीद है कि अब उनकी आवाज केंद्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।
फ़िलहाल संगठन के इस फैसले को युवा कर्मचारियों के लिए एक नई शुरुआत और मजबूत प्रतिनिधित्व के रूप में देखा जा रहा है।
युवा शक्ति को सम्मान देने वाले इस निर्णय ने साफ कर दिया है कि PRKS आने वाले समय में अनुभवी नेतृत्व और युवा ऊर्जा के संतुलन के साथ कर्मचारियों की लड़ाई को और धारदार बनाने की तैयारी में है।


