उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति व्यवस्था की जटिल प्रक्रियाओं को लेकर कर्मचारियों और पेंशनरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्ग पेंशनरों को इलाज के बिलों के भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इस मुद्दे को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर ने शासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुरानी ऑफलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति जैसी मानवीय और संवेदनशील व्यवस्था को अनावश्यक रूप से जटिल बना दिया गया है।
इसका सबसे ज्यादा खामियाजा गंभीर बीमारियों से पीड़ित सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।
जिन बुजुर्गों को इस उम्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और मानसिक शांति की जरूरत है, उन्हें अपने इलाज के बिलों के भुगतान के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
कैंसर, हृदय रोग और लीवर सिरोसिस के मरीजों की बढ़ी मुश्किलें
परिषद की ओर से सेवानिवृत्त कर्मचारी हरिश्चंद्र मिश्रा एवं रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि हृदय रोग, कैंसर और लीवर सिरोसिस जैसी गंभीर एवं जीवन घातक बीमारियों से जूझ रहे पेंशनरों को समय पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
इससे बुजुर्ग कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट के साथ मानसिक परेशानी भी खड़ी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई कार्यालयों में चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित सहायक और अधिकारियों द्वारा अनावश्यक आपत्तियां लगाई जाती हैं,
जिसके कारण कार्यरत कर्मचारियों और सेवानिवृत्त पेंशनरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

