गोरखपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के केंद्रीय पदाधिकारियों के निर्देश पर रविवार, 23 नवंबर 2026 को क्षेत्रीय कार्यशाला एवं टायर शॉप परिसर में दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक गेट मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताते हुए मांगों के समाधान के लिए 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता शाखा उपाध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने जबकि संचालन प्रांतीय संयुक्त मंत्री अजय कुमार ने किया। इस दौरान कार्यशाला के बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय संयुक्त मंत्री अजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार और निगम प्रबंधन द्वारा कर्मचारी हितों के विपरीत आदेश जारी किए जा रहे हैं।
परिवहन निगम में निजीकरण को बढ़ावा देने, कर्मचारियों के लंबित देयकों और महंगाई भत्ते का समय से भुगतान नहीं करने तथा संविदा चालकों-परिचालकों एवं आईटीआई आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने के कारण कर्मचारियों में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम कर्मचारियों की अन्य समस्याओं का भी अब तक समाधान नहीं किया गया है।
इसी के विरोध में गेट मीटिंग कर निगम प्रबंधन से मांग की गई है कि 26 नवंबर 2026 तक कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों का निस्तारण किया जाए।
27 नवंबर को तीन घंटे होगा धरना-प्रदर्शन
अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा तक मांगें पूरी नहीं की गईं तो 27 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक परिवहन निगम के कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करेंगे।
गेट मीटिंग में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने हाथ उठाकर आंदोलन का समर्थन किया और इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि धरना स्थल पर संबंधित सेवा प्रबंधन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही ज्ञापन को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तक भेजने का अनुरोध किया जाएगा ताकि कर्मचारियों की समस्याओं पर शासन स्तर से भी कार्रवाई हो सके।
इन कर्मचारियों की रही मौजूदगी
गेट मीटिंग में शशिकांत, अजीत कुमार यादव, अमर कुमार गुप्त, संत शरण सिंह, ओम प्रकाश राय, विनोद कुमार श्रीवास्तव, अच्छर प्रसाद, रामशीष यादव,
अमरजी, सरवरे आलम, सफात अहमद, मोहम्मद जमील, अमरनाथ यादव, प्रकाश, रविंदर प्रसाद, बेचू, अर्चना श्रीवास्तव, इशरत जहां, कुमारी गोल्डी सिंह, कुमारी प्रिया पटवा, कुमारी रीमा चौहान, मोहन, फातमा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

