CM योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर गोरखपुर में शोक की लहर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन पर गोरखपुर में शोक सभाओं का सिलसिला जारी है।

इसी क्रम में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के पदाधिकारियों ने रामलीला मैदान में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक सभा में उपस्थित कर्मचारी नेताओं एवं पदाधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

सभी ने इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हम सभी ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।

परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने भावुक शब्दों में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हम ऐसी मां को प्रणाम करते हैं, जिन्होंने एक महान सपूत को जन्म दिया। आज हम सभी बेहद दुखी हैं कि ऐसी मातृशक्ति हमारे बीच नहीं रहीं।

वहीं, राजकीय कुष्ठ चिकित्सा कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश सिंह ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि आज पूरा देश ऐसी मां के निधन से शोकाकुल है, जिन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसे महान सपूत को जन्म दिया।

राजस्व संग्रह अमीन संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्याम नारायण शुक्ला ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *