गोरखपुर में सीएम योगी का सपा पर तीखा हमला, बोले- ‘माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है समाजवादी पार्टी’

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।

मुख्यमंत्री ने सपा को ‘माफिया प्रवृत्ति की पार्टी’ बताते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में जमीनों पर जबरन कब्जे और माफिया गतिविधियों को बढ़ावा मिलता था।

बताते चलें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोड़धोइया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण करने पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा के लोगों की फितरत नहीं बदल सकती। मौका मिलते ही वे जमीनों पर कब्जा करने लगेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब कानून का राज है और किसी की जमीन पर कब्जा करने से पहले अपराधी कई बार सोचता है।

‘माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है समाजवादी पार्टी’

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाकर तंज कसते हुए कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही सपा के लोग कभी सीधे नहीं हो सकते।

सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में असुरक्षा का माहौल था।

उन्होंने कहा कि गरीबों, व्यापारियों और प्रतिष्ठित लोगों की जमीनों पर कब्जे की घटनाएं होती थीं। वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है।

गोरखपुर की कुछ पुरानी घटनाओं का उल्लेख करके बताया कि जेल रोड और आर्य नगर में प्रतिष्ठित परिवारों की संपत्तियों पर कब्जा करने में पूर्ववर्ती सरकार के समय माफिया का प्रभाव था।

किन्तु आज वर्तमान सरकार में किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का दुस्साहस करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

880 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

राजनीतिक बयानबाजी के साथ मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करने के साथ ही 880 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।

इनमें प्रमुख रूप से: 1. गोड़धोइया नाला परियोजना: लगभग 495.24 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण प्रथम चरण का लोकार्पण।

2. गोड़धोइया नाला परियोजना का दूसरा चरण: लगभग 92.72 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास।

3. गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए-3: लगभग 721.40 करोड़ रुपये की लागत वाली योजना का शिलान्यास।

4. सर्विस रोड: गोड़धोइया नाले के किनारे लगभग 65.93 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का शिलान्यास।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं से गोरखपुर के कई इलाकों में जलनिकासी और सीवरेज की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

सीएम योगी ने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण से गोरखपुर के 17 वार्डों की जलनिकासी व्यवस्था में सुधार हुआ है।

परियोजना के दूसरे चरण में सीवर लाइन, सीवर कनेक्शन और पंपिंग स्टेशनों का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इससे लगभग ढाई से तीन लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। शाहपुर, सेमरा, बशारतपुर, राप्तीनगर, रेलवे कॉलोनी बिछिया और रामजानकी नगर सहित कई इलाकों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *