मोहद्दीपुर में पानी की टंकी और पाइपलाइन निर्माण में देरी पर भड़के महापौर! अधिकारियों को लगाई फटकार, जल्द काम पूरा करने के सख्त निर्देश

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। शहर के मोहद्दीपुर वार्ड संख्या 67 में हर घर पानी योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने नाराजगी जताई।

उन्होंने क्षेत्र में निर्माणाधीन पानी की टंकी और पाइपलाइन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने और परियोजना को जल्द पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने 24×7 जलकल परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान वार्ड पार्षद मनोज निषाद ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।

जल निगम की ओर से निर्माण कार्य धीमी गति से कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को पेयजल संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद जेई, मुख्य अभियंता और संबंधित अधिकारियों को महापौर ने निर्देश दिया कि पानी की टंकी एवं पाइपलाइन निर्माण में तेजी लाई जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों को पेयजल के लिए हो रही परेशानियों को गंभीरता से लिया जाए और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न होने दी जाए।

महापौर ने कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। हर घर पानी योजना के कार्यों को जिम्मेदारी के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *