गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के आजीवन सदस्यों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी और मान्यता प्राप्त समिति के अध्यक्ष अरविंद राय के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के साथ जुड़े विभिन्न मामलों को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग किया है। आजीवन सदस्य रेवती रमण भंडारी, प्रिंस पांडेय और मृत्युंजय शंकर सिंहा से संबंधित समस्याओं और मामलों की जानकारी जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी।
पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों से जुड़े मामलों में प्रशासन और पुलिस स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
रेवती रमण भंडारी के मामले को प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी दीपक मीणा के समक्ष प्रमुखता से रखा। मामले की जानकारी लेने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीएम सदर को फोन किया और पूरे मामले का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इसी मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ से भी विस्तार से चर्चा की। मामला सामने आने पर एसएसपी ने संबंधित चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई।
एसएसपी ने सवाल किया कि रविवार के दिन चौकी में ताला कैसे लगा था और जब जमीन पर कब्जा करने के लिए लोग पहुंचे तो पुलिस की मौजूदगी और निगरानी क्यों नहीं थी?
एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने यह भी सवाल उठाया कि बिना राजस्व टीम के लोग जमीन पर कब्जा करने के लिए कैसे पहुंच गए? उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पूछा कि मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने तथा नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि जमीन पर कब्जे के लिए पहुंचे लोगों के खिलाफ अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?एसएसपी ने चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि
भूमि विवाद के मामलों में पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ घटनाक्रम की गंभीरता को समझते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी ली और लंबित कार्रवाई को लेकर गंभीरता दिखाई।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रिंस पांडेय और मृत्युंजय शंकर सिंहा की समस्याओं को भी जिलाधिकारी और एसएसपी के समक्ष रखा। पत्रकारों ने अधिकारियों से संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कराने का आग्रह किया।
इस दौरान गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, मान्यता प्राप्त समिति अध्यक्ष अरविंद राय सहित पत्रकार साथी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकार समाज के बीच रहकर जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों में भी प्रशासन एवं पुलिस से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा रहती है।
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कोस्तुभ की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश के बाद पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि लंबित मामलों का शीघ्र समाधान होगा और जिन मामलों में पुलिस स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

