गोरखपुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गोरखपुर में स्वास्थ्य और जागरूकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
ओम फिटनेस योग संस्थान एवं सेवा साथी फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में जनपद के 28 पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशाल निशुल्क योग महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें 2000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को 201 लीटर ग्रीन जूस का भी निःशुल्क वितरण किया गया। योग महोत्सव में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा योग को
अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। शहर के विभिन्न पार्कों में एक साथ हुए इस आयोजन ने गोरखपुर को योगमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
संस्थान के संस्थापक योगी धर्मेश्वर ने कहा कि वर्षों पहले जो लोग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझते हुए योग कक्षाओं में आए थे, आज वही स्वस्थ होकर समाज में योग का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं और 28 पार्कों में योग सत्रों का संचालन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य गुरु गोरखनाथ की नगरी गोरखपुर को हरिद्वार की तरह योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता का केंद्र बनाना है, जहां हर घर में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाया जाए।
योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाई जाने वाली साधना है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है।
स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस भव्य आयोजन में जिला महिला निरीक्षक प्रभारी श्वेता साहनी, महिला प्रभारी शोभा पांडेय, तरुणा चेतरानी, रंजना गौड़,
प्रेम चौरसिया, लुसी मौर्य सहित अनेक योग प्रशिक्षकों, साधकों एवं स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थलों पर योग कक्षाओं का संचालन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
योग, स्वास्थ्य और जनजागरण का यह अनूठा अभियान गोरखपुर में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा और स्वस्थ समाज के निर्माण का मजबूत संदेश देकर संपन्न हुआ।


