रॉन्ग साइड चल रहे पीएसी वाहन ने मचाया कहर, कुचलने दो युवकों की गई जान

gorakhpur halchal

गोरखपुर: गीडा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लिया। नौसड़ क्षेत्र के बहरामपुर दक्षिणी गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन से बाइक सवार दो युवक कुचल गए जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और परिजनों व ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे पीएसी का वाहन गलत दिशा से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान राज निषाद (18) पुत्र रामधारी, निवासी चकरा अव्वल थाना राजघाट तथा अमित निषाद (19) पुत्र महेंद्र, निवासी बहरामपुर दक्षिणी थाना गीडा के रूप में हुई है। दोनों युवक गोरखपुर-राजघाट पुल की ओर से नौसड़ की तरफ जा रहे थे।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।

काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और धरना समाप्त किया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा यातायात को सुचारु कराया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *