13वीं का भोज बना मातम, सगे भाई ने ही अपने छोटे भाई को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

hindustan times

गोरखपुर: पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मां के ब्रह्मभोज के दौरान ऐसा खूनी खेल हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।

खर्चे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम और सनसनी का माहौल है।

मंगलवार को परिवार में मां की तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। घर में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच खर्चे को लेकर भाइयों में कहासुनी शुरू हुई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने गुस्से में अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23 वर्ष) पर गोली चला दी।

गोली शुभम के सीने में लगी और वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि घटना से नाराज मझले भाई ने भी गुस्से में आकर मृतक शुभम की स्कूटी पर फावड़े से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना मिलते ही एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार और पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि मृतक शुभम की मई महीने में सगाई हुई थी और फरवरी 2027 में उसकी शादी तय थी।

मौत की खबर सुनकर उसकी मंगेतर भी गांव पहुंची और फूट-फूटकर रोने लगी। उसकी चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों के अनुसार परिवार के चारों भाई—दुर्गविजय, श्यामू, सोनू और सबसे छोटे शुभम—मिलकर मां के ब्रह्मभोज की तैयारी कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *