ऑटो में छूटा जिंदगीभर की मेहनत का खजाना! CCTV से गोरखपुर पुलिस ने खोज निकाला बैग, पासपोर्ट से लेकर मूल दस्तावेज तक लौटाए

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। सफर खत्म होते ही एक व्यक्ति के सामने ऐसी मुसीबत खड़ी हो गई, जिसने उसकी चिंता बढ़ा दी।

ऑटो में छूट गया लाल रंग का ट्रॉली बैग उसके लिए महज सामान का बैग नहीं, बल्कि जिंदगीभर की मेहनत और भविष्य से जुड़े बेहद जरूरी दस्तावेजों का खजाना था।

बैग में मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के साथ पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, नकदी और अन्य कीमती सामान मौजूद था।

हालांकि, गोरखपुर पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी की मदद से कुछ ही समय में यह बैग सकुशल बरामद कर लिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर को आवेदक ने रेलवे चौकी, थाना कैंट पहुंचकर ऑटो में अपना लाल रंग का ट्रॉली बैग छूट जाने की सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक अभिजीत उपाध्याय ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान की गई और उसकी तलाश करते हुए लाल रंग का ट्रॉली बैग बरामद कर लिया गया।

बैग में रखे सामान का मिलान कराने के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित आवेदक के सुपुर्द कर दिया। अपने मूल शैक्षणिक दस्तावेज,

पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कीमती सामान वापस पाकर आवेदक ने राहत की सांस ली। उन्होंने गोरखपुर पुलिस की इस तत्परता की जमकर सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सराहनीय कार्रवाई में उपनिरीक्षक अभिजीत उपाध्याय, हेड कांस्टेबल पीयूष सिंह, कांस्टेबल संजीत यादव और कांस्टेबल मंगलदीप यादव शामिल रहे।

गोरखपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर बताती है कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है,

बल्कि आम नागरिकों की मुश्किल घड़ी में उनकी मदद करना भी पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने एक व्यक्ति को बड़ी परेशानी से बचा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *