गोरखपुर। छठ महापर्व और महालक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर गोरखपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर नगर आयुक्त अजय जैन ने शहर के विभिन्न घाटों और कृत्रिम पोखरों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और निर्माण संबंधी कार्य दो दिनों के भीतर समाप्त करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने गोरखनाथ घाट, रामघाट, राजघाट, एकला बांध और तकिया घाट सहित विभिन्न स्थलों पर नगर निगम द्वारा तैयार कराए जा रहे कृत्रिम पोखरों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, मुख्य अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
घाटों पर बैरिकेडिंग, रोशनी और सफाई के पुख्ता इंतजाम
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कृत्रिम पोखरों में समय से पानी भरने, पहुंच मार्गों को व्यवस्थित रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा।
उन्होंने पोखरों पर सफाई कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाने तथा प्रतिमा विसर्जन के बाद पोखरों की गहन सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
छठ पर्व को जीरो वेस्ट इवेंट बनाने पर जोर
नगर आयुक्त ने छठ महापर्व को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित करने पर विशेष जोर दिया। गोरक्षघाट पर मिट्टी हटाकर घाटों को समतल करने, पॉलिथीन हटाने और प्रत्येक स्थान पर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।
आम नागरिकों से भी अपील की कि पॉलिथीन का इस्तेमाल न करें और नदियों में पॉलिथीन या पूजन सामग्री न डालें, ताकि जल स्रोतों को स्वच्छ रखा जा सके।
48 घंटे में पूरे होंगे निर्माण कार्य, आकर्षक सजावट से जगमगाएंगे घाट
तकिया घाट पर कृत्रिम पोखरों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने अवर अभियंता, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर ड्यूटी लगाने को कहा। निर्माण विभाग को सभी कार्य दो दिनों के भीतर पूरे करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कृत्रिम पोखरों तक पहुंचने वाले मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने और घाटों को कपड़ों तथा फूलों से आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश भी दिए।
पर्व समाप्त होते ही होगी पोखरों की सफाई
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि छठ पर्व समाप्त होने के बाद कृत्रिम पोखरों का पानी निकलवाकर उनमें मिट्टी भराई कराई जाए, जिससे गंदगी और जलभराव की समस्या न रहे।

