गोरखपुर में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन! राप्ती नदी किनारे अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी, 58 लीटर कच्ची शराब बरामद

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।

शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे राजघाट थाना क्षेत्र में राप्ती नदी के किनारे अमरूद के बागों और झाड़ियों में संचालित अवैध शराब के संभावित अड्डों पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

इस दौरान करीब 58 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 550 किलोग्राम लहन और शराब बनाने वाली कई भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी गोरखपुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कैंपियरगंज एवं अतिरिक्त प्रभार सेक्टर-2 एसएन वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

उनके साथ आबकारी निरीक्षक प्रवर्तन-1 गोरखपुर अरविंद कुमार भी अपनी टीम के साथ संयुक्त रूप से अभियान में शामिल रहे।

टीम ने राजघाट थाना क्षेत्र में राप्ती नदी के किनारे स्थित अमरूद के बागों, झाड़ियों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब बरामद हुई। इसके साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 550 किलोग्राम लहन और कई भट्ठियों को नष्ट किया गया।

एक अभियोग दर्ज

आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक अभियोग पंजीकृत किया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही अवैध शराब के अड्डों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *