सलेमपुर (देवरिया)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को देवरिया जिले के लार क्षेत्र स्थित रक्सा गांव पहुंचे।
यहां उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेश यादव की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने सुरेश यादव के पुत्र ओम प्रकाश यादव और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में
उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हराकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने, सतर्कता बरतने और चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए एयरपोर्ट के निजीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एयरपोर्ट बनाकर उन्हें निजी हाथों में सौंप रही है।
नामकरण की राजनीति पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने जीवनकाल में ही अपने नाम पर संस्थानों का नामकरण कराना चाहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि जनता आने वाले समय में सरकार बदलने का फैसला करेगी। अयोध्या में विकास कार्यों के लिए जमीन, मकान और दुकानें लिए जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रभावित लोगों को बाजार भाव के अनुसार उचित मुआवजा नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के मुद्दे पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि जनता के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अस्पतालों में बेहतर सुविधाओं के साथ मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए सड़क निर्माण एवं रखरखाव को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने सपा सरकार बनने पर सिक्स लेन सड़कों के निर्माण का वादा भी किया।
श्रद्धांजलि सभा में अखिलेश यादव ने स्वर्गीय सुरेश यादव के योगदान को याद किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया।

