गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र की वजीराबाद कॉलोनी में रेस्टोरेंट संचालकों की कथित अवैध पार्किंग स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है।
कॉलोनी की सड़कों पर दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। विरोध करने पर विवाद और अभद्रता के आरोप भी सामने आए हैं।
परेशान कॉलोनीवासियों ने अब जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सड़क पर वाहनों का कब्जा, राहगीरों की बढ़ी परेशानी:
शिकायत के मुताबिक, गोरखनाथ उत्तरी हुमायूंपुर स्थित वजीराबाद कॉलोनी के आसपास कई रेस्टोरेंट संचालित हैं। आरोप है कि यहां आने वाले ग्राहकों के वाहन कॉलोनी की सड़कों के दोनों किनारों पर खड़े करा दिए जाते हैं।
इससे सड़क संकरी हो जाती है और स्थानीय निवासियों, राहगीरों तथा अन्य वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी होती है।
विरोध करने पर विवाद, गाड़ियों में शराब पीने का भी आरोप
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में कुछ लोग बैठकर शराब पीते हैं और अन्य गतिविधियां करते हैं। जब स्थानीय निवासी इसका विरोध करते हैं तो बहस, अभद्रता और विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है।
लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह वाहनों का कब्जा होने से कॉलोनी का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कॉलोनीवासियों की परेशानी को स्थानीय पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए समस्या के समाधान और संबंधित विभाग से आवश्यक कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है।
उनके हस्तक्षेप से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि अब अवैध पार्किंग की समस्या से राहत मिल सकेगी।
थाना प्रभारी बोले- नगर निगम से कराई जाएगी कार्रवाई
इस मामले में गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अवैध पार्किंग को लेकर प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम से कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा।
कॉलोनीवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सड़क पर होने वाली अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए। आवागमन बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई हो और विरोध करने पर विवाद या अभद्रता करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कदम उठाए जाएं।
T

