गोरखपुर में रफ्तार का खूनी खेल! सिक्स लेन फ्लाईओवर पर पिकअप ने बाइक सवार को 20 मीटर तक घसीटा, दर्दनाक मौत

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के देवरिया बाईपास रोड स्थित सिक्स लेन फ्लाईओवर पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।

करीब दोपहर एक बजे पीछे से आ रही एक पिकअप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और करीब 20 मीटर तक पिकअप के साथ घिसटता चला गया।

हादसे में बाइक सवार की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान इलाहीबाग निवासी शहाबुद्दीन पुत्र स्वर्गीय नसरुल्लाह के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शहाबुद्दीन सोफा मिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। गुरुवार को वह अपनी पैशन प्रो बाइक संख्या UP 53 BN 7453 से तारामंडल की ओर जा रहा था।

इसी दौरान पीछे से आए पिकअप वाहन संख्या UP 51 AT 0893 ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद शहाबुद्दीन सड़क पर गिर गया और पिकअप के साथ करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शहाबुद्दीन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, शहाबुद्दीन परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। अब उसके पीछे एक बेटा और दो बेटियां रह गए हैं।

परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने वाले शहाबुद्दीन की अचानक मौत से परिजनों के सामने बच्चों के पालन-पोषण और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

परिजनों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी अपील की है, ताकि बच्चों की परवरिश और परिवार की आजीविका प्रभावित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *