गोरखपुर। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर बेनीगंज स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाजपा महानगर इकाई के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके आदर्शों को आत्मसात करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन, विचारों और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महान ऋषि एवं आदिकवि हैं। उनकी अमर रचना रामायण मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती है।
रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि व्यक्ति अपने कर्मों और विचारों के माध्यम से महानता प्राप्त कर सकता है। उनके आदर्श आज भी समाज में सद्भाव, समानता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी से महर्षि वाल्मीकि के बताए मार्ग पर चलने और एक समरस, सशक्त एवं संस्कारवान समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

