नवरात्रि पर वनटांगिया में भक्ति और सेवा का संगम, शक्ति सेतु फाउंडेशन ने 101 कन्याओं का पूजन कर दिया बेटियों के सम्मान का संदेश

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन, गोरखपुर की ओर से वनटांगिया क्षेत्र में 101 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन एवं सामूहिक सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के भाव से आयोजित इस कार्यक्रम में कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने समाज को संदेश दिया कि बेटियों का सम्मान केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन की प्रबंधक एवं अधिवक्ता पूजा गुप्ता ने कहा कि नवरात्रि केवल देवी आराधना का पर्व नहीं है, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान और समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का भी अवसर है।

कन्या पूजन की सार्थकता तभी है, जब समाज की हर बेटी को सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा और आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का उद्देश्य सेवा, संवेदना और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।

अंत में संस्था ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में युवाओं की भागीदारी समाज में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करती है।

युवाओं के सक्रिय सहयोग से जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *