गोरखपुर। प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र, सशस्त्र सीमा बल (SSB), गोरखपुर में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को राजस्थान पुलिस RAC के 481 प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने पर भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में राजस्थान पुलिस के महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) IPS संजय कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने अनुशासित परेड और विभिन्न
प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी शारीरिक दक्षता, कार्यकुशलता और प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह का शुभारंभ प्रशिक्षुओं की आकर्षक एवं अनुशासित परेड से हुआ।
जवानों ने पूरे उत्साह, सटीक तालमेल और अनुशासन के साथ मार्च करते हुए अपनी तैयारी का परिचय दिया। इस अवसर पर SSB गोरखपुर के उपमहानिरीक्षक अमित कुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि संजय कुमार अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल, व्यावहारिक ज्ञान और कार्यक्षमता को विभिन्न डेमोंस्ट्रेशन के जरिए प्रदर्शित किया।
इन प्रस्तुतियों में शारीरिक दक्षता, टीम भावना, अनुशासन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्यों का निर्वहन करने की क्षमता की झलक देखने को मिली। परेड और डेमोंस्ट्रेशन ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
दीक्षांत समारोह में IPS राम कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन; IPS दीपक बरनवाल, उपमहानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय गोरखपुर;
उपमहानिरीक्षक (चिकित्सा) पपिया सेनगुप्ता, संयुक्त अस्पताल गोरखपुर; BRD मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. (प्रो.) धर्मेन्द्र कुमार तथा सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य कर्नल डी. एस. चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह का समापन गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। इस आयोजन ने सशस्त्र सीमा बल, गोरखपुर और राजस्थान पुलिस के बीच प्रशिक्षण के क्षेत्र में आपसी समन्वय एवं सहयोग की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।

