प्रदेश भर में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रविवार, 12 जुलाई को ‘पौधरोपण महायज्ञ 2026’ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है।
इस महायज्ञ में अधिकतम जन भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में होने वाले नियमित जनता दर्शन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
गोरखनाथ मंदिर कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह 7:45 बजे सीएम योगी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास स्वयं पौधा लगाकर इस वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत करेंगे।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इसी महत्वपूर्ण कार्यक्रम के चलते, रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन आयोजित नहीं किया जाएगा। आमजन से आग्रह है कि वे इस दिन मंदिर में अपनी समस्याओं को लेकर न आएँ।
इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस ‘पौधरोपण महायज्ञ’ में अपनी सक्रिय आहुति देने की अपील की है।
उन्होंने हर व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया है। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न को दोहराते हुए कहा कि
“हर नागरिक को ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने में अपना योगदान देना चाहिए।
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ रिकॉर्ड पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे जन सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है।


