गोरखपुर: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला कारागार गोरखपुर में मानवता और सामाजिक सेवा का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।
जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय की विशेष पहल एवं कुशल निर्देशन में आयोजित वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान कुल 16 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
इस रक्तदान शिविर की सबसे प्रेरणादायक तस्वीर तब सामने आई जब जेल अधीक्षक की धर्मपत्नी गायत्री पाण्डेय ने स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान किया।
उनके इस सराहनीय कदम से प्रेरित होकर उप कारापाल विजय कुमार सहित कारागार के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान करने वालों में जिला कारागार के अध्यापक राजीव चौरसिया, जेल वार्डर संदीप यादव, अमन सिंह, नबाब सिंह, रवीन्द्र शर्मा, विजय बहादुर यादव, धर्मराज, राजीव रंजन और निजामुद्दीन शाह सहित अन्य कारागार कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में जवाहर चंद्रावती सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा मौर्या (शालिनी मौर्या) और संचालन मंत्री धीरज सिंह ने भी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।
इस आयोजन का तकनीकी एवं चिकित्सीय सहयोग नेता जी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर की विशेषज्ञ टीम ने किया।
सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में सुरक्षा और स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। चिकित्सक दिवस पर किया गया यह पुनीत कार्य मानवता की सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है।”
रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उन्हें सुरक्षित तरीके से रक्तदान कराया गया तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
नेता जी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर के प्रभारी राजकीय ब्लड बैंक ने भी कारागार प्रशासन की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, नरेश कुमार, उप जेलर विजय कुमार, आदित्य कुमार, कृष्णा कुमारी,
अमिता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन समाज के लिए सेवा, संवेदना और मानवता का प्रेरणादायक संदेश बनकर सामने आया।


