गोरखपुर। चिलुआताल थाने के प्रभारी निरीक्षक (SO) सूरज सिंह पर एक महिला और उसके बेटे ने थाने के अंदर बेरहमी से मारपीट करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और जूता चटवाने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित महिला पूनम पांडेय ने उच्च पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले में न्याय और आरोपी SO के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महिला के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को एक युवती से जुड़े पारिवारिक विवाद के सिलसिले में उन्हें चिलुआताल थाने बुलाया गया था।
आरोप है कि वहां SO सूरज सिंह ने उन्हें और उनके बेटे को एक कमरे में ले जाकर बंधक बनाया और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर लात-घूंसों, थप्पड़ों और जूतों से बेरहमी से पीटा।
पूनम पांडेय का आरोप है कि इस दौरान उनके और उनके बेटे के सिर, सीने, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि SO ने अपने और अन्य पुलिसकर्मियों के जूते पर थूककर उनसे चटवाया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल और बाद में बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दोनों का उपचार हुआ।
महिला ने सिर की चोट और बेटे के पैर में फ्रैक्चर होने का दावा किया है। उनके अनुसार, सीटी स्कैन और एक्स-रे भी कराया गया है।
महिला ने आरोप लगाया है कि उन्हें अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने से रोकने के लिए दबाव बनाया गया और उनके बेटे को मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई।
उच्चाधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
पीड़िता ने एसपी, डीआईजी और एडीजी समेत वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई और संबंधित SO के खिलाफ आपराधिक एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि यदि थाने के भीतर एक महिला और उसके बेटे के साथ ऐसी घटना हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कौन करेगा?
फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

