जंगल कट रहे हैं, नदियां बिक रही हैं और जनता को उलझाए रखने के लिए परोसी जा रही हैं ‘नींद की पांच गोलियां’: वंदना शर्मा का तीखा सवाल

Google image

आज के दौर में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों और आम नागरिकों के भविष्य को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

इसी बीच वंदना शर्मा का एक विचारोत्तेजक लेख चर्चा का विषय बन रहा है, जिसमें उन्होंने समाज की प्राथमिकताओं और पर्यावरण के प्रति हमारी उदासीनता पर तीखा प्रहार किया है।

उन्होंने क्रिकेट, सोशल मीडिया की रील, धार्मिक आयोजनों, धर्म के नाम पर होने वाले विवाद और मुफ्त योजनाओं को जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने वाली ‘नींद की पांच गोलियां’ बताया है।

जनता को असली मुद्दों से दूर कर रही हैं पांच चीजें?

वंदना शर्मा ने अपने लेख में कहा है कि क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून इतना बढ़ गया है कि मैच जीतने पर देशभक्ति और हारने पर गद्दारी जैसे आरोप लगने लगते हैं।

लेकिन इसी दौरान जंगलों की कटाई, नदियों का प्रदूषण और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी जैसे बुनियादी मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।

सोशल मीडिया की रील और सेल्फी संस्कृति पर भी सवाल उठाते हुए इनका कहना कि लोग कुछ सेकंड की वीडियो को आकर्षक बनाने में घंटों लगा देते हैं,

लेकिन अपने मोहल्ले के पेड़, तालाब और पर्यावरण को बचाने के लिए समय नहीं निकाल पाते।

धार्मिक आयोजनों के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी भी जरूरी

लेख में भंडारे, धार्मिक यात्राओं और कथाओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया गया है कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण को भी उतना ही महत्व क्यों नहीं दिया जाता?

धर्म और आस्था के आयोजनों के बीच जंगलों की कटाई, खनन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन जैसे मुद्दों पर भी समाज को सवाल पूछने चाहिए।

वंदना शर्मा ने हिंदू-मुस्लिम विवाद, जातिगत संघर्ष और मंदिर-मस्जिद की राजनीति पर भी चिंता जताई। उनके मुताबिक, जब समाज आपसी विवादों में उलझा रहता है, तब जंगल, नदियों, पहाड़ों और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े सवाल पीछे छूट जाते हैं।

मुफ्त योजनाओं के बीच प्रकृति की अनमोल कीमत को समझना जरूरी

लेख में मुफ्त बिजली, राशन और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए सवाल उठाकर शर्मा ने पूछा है कि मुफ्त सुविधाओं की चर्चा के बीच क्या समाज उन प्राकृतिक संसाधनों की कीमत समझ पा रहा है, जिन पर जीवन निर्भर है?

उन्होंने ऑक्सीजन को इसका सबसे बड़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि आज पेड़ बिना किसी कीमत के हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन उपलब्ध करा रहे हैं,

लेकिन अगर जंगल लगातार खत्म होते रहे और वायु प्रदूषण बढ़ता रहा तो आने वाली पीढ़ियों के सामने स्वच्छ हवा का संकट और गंभीर हो सकता है।

क्या आने वाले समय में ऑक्सीजन भी बन जाएगी कारोबार?

अपने लेख में ऑक्सीजन के संभावित व्यावसायीकरण को लेकर एक गंभीर आशंका व्यक्त किया है। उन्होंने पानी और बीज का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी सामान्य रूप से उपलब्ध रहने वाले संसाधन आज बाजार का हिस्सा बन चुके हैं।

यदि प्राकृतिक संसाधनों का इसी तरह दोहन जारी रहा तो क्या भविष्य में स्वच्छ हवा और ऑक्सीजन भी महंगे उत्पाद बन जाएंगे? क्या लोगों को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर, एयर प्यूरीफायर और विशेष सुविधाओं पर निर्भर होना पड़ेगा?

यह सवाल केवल कल्पना का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी के संभावित परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित करता है।

जंगल कटने का मतलब सिर्फ पेड़ों का खत्म होना नहीं

लेख में जंगलों की कटाई के दूरगामी प्रभावों को भी रेखांकित किया गया है। जंगलों का नष्ट होना केवल पेड़ों की संख्या कम होना नहीं है, बल्कि इसका असर पूरे पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ता है।

इसके प्रमुख परिणाम हो सकते हैं: 1. वर्षा चक्र और स्थानीय जलवायु पर प्रतिकूल प्रभाव। 2. भूजल स्तर में गिरावट और जल संकट।

3. वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास का विनाश। 4. आदिवासी और वन आश्रित समुदायों के जीवन पर संकट। 5. मिट्टी का कटाव और जैव विविधता का नुकसान।6. वायु प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की समस्या में वृद्धि।

समाधान भी बताया: सवाल पूछिए और प्रकृति के लिए आगे आइए

वंदना शर्मा ने केवल समस्याएं गिनाने के बजाय समाज को कुछ जरूरी सुझाव भी दिए हैं। उनका कहना है कि नागरिकों को नेताओं और जनप्रतिनिधियों से विकास के साथ पर्यावरण से जुड़े सवाल भी पूछने चाहिए।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल मनोरंजन और दिखावे के लिए न करें, बल्कि पेड़ों की कटाई रोकने, नदियों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों को भी आवाज दें।

उन्होंने प्रकृति को जीवन का अभिन्न हिस्सा मानने की अपील करते हुए कहा कि जिस नदी की छठ पर्व पर पूजा की जाती है,

उसे पूरे साल स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी समाज की है। पेड़ों को बचाना और नए पौधे लगाना केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *