संविधान दिवस पर गोरखपुर में दो दिवसीय ‘संविधान कथा’, गांधी प्रतिमा के सामने उठेगी समानता, मौलिक अधिकार और न्याय की आवाज

gorakhpur halchal

गोरखपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गोरखपुर में संविधान के मूल सिद्धांतों, नागरिकों के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक समानता को लेकर दो दिवसीय ‘संविधान कथा’ का आयोजन किया जा रहा है।

26 और 27 नवंबर को टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा के सामने सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक यह कार्यक्रम आयोजित होगा।

आयोजकों की ओर से जारी आमंत्रण में देश के महापुरुषों महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव अंबेडकर,

नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाल बहादुर शास्त्री, अशफाकउल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल, भगत सिंह और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के विचारों को याद करते हुए लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।

संविधान की प्रस्तावना से मौलिक अधिकारों तक होगी चर्चा

आयोजन के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांत, लोकतंत्र, समानता,

जीवन की स्वतंत्रता और देश की एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि

संविधान की मूल भावना को आम लोगों तक पहुंचाना और समाज में आपसी भाईचारे तथा नफरत मिटाने का संदेश देना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

शिक्षा, चिकित्सा और महंगाई को लेकर भी उठेंगी मांगें

संविधान कथा में सामाजिक और आर्थिक मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। आयोजकों ने गरीब और अमीर सभी के लिए समान शिक्षा व्यवस्था, निशुल्क विद्यालय और चिकित्सालय की मांग रखी है।

इसके अलावा आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी, दूध, दवा, शिक्षा, चिकित्सा और रेल यात्रा पर GST समाप्त करने की मांग भी शामिल है।

निजी वाहनों पर टोल टैक्स समाप्त करने अथवा टोल प्लाजा की एक-एक लेन दोनों तरफ से निशुल्क करने, वंदे भारत ट्रेन का किराया सामान्य मेल ट्रेनों के बराबर करने और कृषि योग्य जमीन के समान वितरण जैसे मुद्दों पर भी विचार रखे जाएंगे।

बुलडोजर कार्रवाई, शराबबंदी और जेल में बंद लोगों की रिहाई का मुद्दा

आयोजकों के मांगपत्र में देश में शराबबंदी, विध्वंसात्मक बुलडोजर कार्रवाई पर रोक तथा संजीव भट्ट, शरजील इमाम, उमर खालिद और मोहम्मद मुर्तजा अब्बासी की तत्काल रिहाई की मांग भी शामिल है।

इसके साथ ही पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम 1991 की हिफाजत का मुद्दा भी उठाया जाएगा।

न्यायपालिका और राजनीतिक व्यवस्था में सुधार की मांग

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सदस्यता एक बार तक सीमित करने, वकीलों और पत्रकारों को विधायिका के सदस्यों के समान पेंशन देने तथा उच्च न्यायपालिका

में न्यायाधीशों की नियुक्ति राष्ट्रीय न्यायिक परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से कराने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी।

इसके अलावा दुष्कर्म और भ्रष्टाचार के मामलों में कठोरतम सजा की मांग भी आयोजकों के एजेंडे में शामिल है।

आयोजकों ने इस कार्यक्रम के संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, मुख्य न्यायाधीश, गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति, मुख्य सचिव, डीजीपी,

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों को पत्र की प्रतिलिपि भेजी है।

साथ ही आम नागरिकों, युवाओं, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संविधान में विश्वास रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।

उनका कहना है कि संविधान की मूल मंशा समानता, जीवन की रक्षा, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भारत की एकता को मजबूत करना है। इन विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही संविधान कथा का उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *