गोरखपुर में कर्मचारियों ने भरी हुंकार: ‘महराज जी पुरानी पेंशन बहाल कर 2027 की नींव मजबूत करें’, सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने एक बार फिर आवाज बुलंद किया है। गोरखपुर के राजघाट स्थित रामलीला मैदान में पंडित श्याम नारायण शुक्ल, प्रांतीय अध्यक्ष अमीन संघ के नेतृत्व में

अस्थाई से विनियमित कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई जिसमें कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और सुप्रीम कोर्ट के 18 नवंबर के आदेश का पालन कराने की मांग की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गोरखपुर के अध्यक्ष रुपेश कुमार श्रीवास्तव शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास कर्मचारियों का विश्वास जीतने और वर्ष 2027 की मजबूत नींव रखने का बेहतर अवसर है।

उन्होंने कहा कि पेंशन कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा है, यह उनका अधिकार है, कोई भीख नहीं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने की उठी मांग

बैठक को संबोधित करते हुए पंडित श्याम नारायण शुक्ल ने कहा कि 18 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट का अस्थाई कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति सुरक्षा से संबंधित ऐतिहासिक फैसला आया है।

उनके मुताबिक, इस फैसले में समस्त सेवा लाभ के साथ पुरानी पेंशन देने की बात कही गई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाए और कर्मचारियों के हित में संवेदनशील निर्णय लिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर कर्मचारी सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने को विवश होंगे।

‘माननीयों की चार पेंशन की जगह एक हो, कर्मचारियों को भी मिले पुरानी पेंशन’

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष रुपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री को डीएस नकारा के आदेश और सुप्रीम कोर्ट के 18 नवंबर के फैसले का संज्ञान लेकर सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को मिलने वाली चार-चार पेंशन की व्यवस्था में कटौती कर केवल एक पेंशन देने और कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने पर विचार किया जाना चाहिए।

इससे कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी और सरकार के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत होगा।

कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें मुख्यमंत्री: राजेश सिंह

विशिष्ट अतिथि कुष्ठ चिकित्सा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संरक्षक अशोक पाण्डेय ने भी पुरानी पेंशन बहाली की मांग का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कर्मचारियों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए।

गोरक्षपीठ की सामाजिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्मचारियों और वंचित वर्गों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने की जरूरत है।

‘वन नेशन, वन पेंशन’ की उठी मांग

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री मदन मुरारी शुक्ल ने कहा कि जनप्रतिनिधि हों या कर्मचारी, सभी के साथ समान व्यवहार होना चाहिए।

उन्होंने ‘वन नेशन, वन पेंशन’ की तर्ज पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई और कहा कि ऐसा फैसला वर्ष 2027 में मजबूत सरकार की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *