गोरखपुर। छठ महापर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो,
इसके लिए नगर आयुक्त ने रविवार सुबह 7:30 बजे जोन संख्या-01 और जोन संख्या-05 के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों पर प्रकाश व्यवस्था और सफाई का कार्य आज शाम तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
इन छठ घाटों पर पहुंचे नगर आयुक्त
नगर आयुक्त ने जोन संख्या-05 के राप्तीनगर पोखरा, उर्वरक नगर पोखरा, झुंगिया पोखरा और शाहपुर पोखरा का निरीक्षण किया। वहीं, जोन संख्या-01 में महादेव झारखंडी मंदिर परिसर के आसपास बनाए गए अस्थायी पोखरों तथा भैरोपुर पोखरे की व्यवस्थाओं को भी परखा।
राप्तीनगर पोखरे को आकर्षक बनाने के निर्देश
निरीक्षण की शुरुआत राप्तीनगर वार्ड से हुई, जहां उपसभापति पूनम सिंह के साथ नवनिर्मित पोखरे का जायजा लिया गया।
छठ पर्व के अवसर पर परिसर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अपर नगर आयुक्त को गमले रखवाने के निर्देश दिए गए।
उर्वरक नगर पोखरे पर हाईमास्ट और बैरिकेडिंग पर जोर
उर्वरक नगर पोखरे पर नगर आयुक्त ने सहायक अभियंता पथप्रकाश मोहित गुप्ता को आज शाम तक अस्थायी प्रकाश व्यवस्था पूरी कराने और हाईमास्ट लाइट का विद्युत कनेक्शन कराकर उसे चालू कराने का निर्देश दिया।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अभियंता अमरनाथ को पोखरे में बैरिकेडिंग कराने के लिए कहा गया।
अस्थायी पोखरों पर भी होगी रोशनी की व्यवस्था
झुंगिया पोखरे और महादेव झारखंडी मंदिर के निकट सड़क के दोनों ओर बनाए गए अस्थायी पोखरों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने सभी स्थानों पर पर्याप्त लाइट लगाने का काम आज शाम तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
भैरोपुर पोखरे की जलकुंभी और घास हटाने का आदेश
भैरोपुर पोखरे के निरीक्षण के दौरान जलकुंभी और घास की समस्या सामने आई। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षक दिनेश बरौनियां को आज शाम तक सफाई कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
साथ ही अवर अभियंता अवनीश भारती को अमृत सरोवर का नियमित रखरखाव सुनिश्चित कराने को कहा।
परिसर में हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा प्रत्येक 15 दिन में माली की ड्यूटी लगाकर घास एवं अन्य अनावश्यक वनस्पतियों की सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
छठ महापर्व को देखते हुए नगर निगम प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है।
अब देखना होगा कि अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का पालन तय समयसीमा में कितना सुनिश्चित हो पाता है?

