गोरखपुर। जिले में सार्वजनिक स्थलों के नामकरण, महापुरुषों के सम्मान, बुजुर्गों को आवास उपलब्ध कराने और अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ‘पूर्वांचल गांधी’ ने जिलाधिकारी गोरखपुर को एक बार फिर पत्र भेजा है।
15 नवंबर 2026 को लिखे गए पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि करीब 10 दिन पहले मुख्यमंत्री के माध्यम से जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी है कि मांगों पर निर्णय नहीं होने की स्थिति में वह जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष सत्याग्रह करेंगे।
इंदिरा बाल विहार मार्ग के नामकरण की उठाई मांग
डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने अपने पत्र में इंदिरा बाल विहार की सड़क का नाम बदलकर सद्भावना मार्ग, एकता मार्ग अथवा इंदिरा मार्ग किए जाने की मांग किया है।
उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थलों के नामकरण में सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और महापुरुषों के योगदान को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने गांधी, सरदार पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास लगे कंपनियों के प्रचार-प्रसार संबंधी बोर्ड हटाने की मांग की है।
उनका तर्क है कि महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास व्यावसायिक प्रचार के बजाय उनके विचारों और योगदान को प्रमुखता मिलनी चाहिए।
जेपी नारायण की प्रतिमा के ऊपर लगे ध्वज पर जताई आपत्ति
पत्र में असुरन चौराहे पर स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा के ऊपर लगे आरएसएस के विजय पताका को हटाने की मांग भी उठाई गई है।
डॉ. मल्ल ने कहा है कि यदि वहां कोई ध्वज लगाया जाना है तो राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाया जाना चाहिए।
उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर वीरेंद्र शाही और ओमप्रकाश पासवान के नाम से लगी मूर्तियों तथा नाम-पट्टों को हटाने की भी मांग की है।
पत्र में उन्होंने इन व्यक्तियों के संबंध में आपराधिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी पहचान बनाए रखने पर सवाल उठाया है।
रेलवे स्टेशन पर रहने वाले बुजुर्ग को आवास दिलाने की मांग
डॉ. मल्ल ने अपने पत्र में एक मानवीय मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर रहने वाले लगभग 65 वर्षीय बुजुर्ग अजय श्रीवास्तव का उल्लेख करते हुए नगर निगम से उनके जीवनकाल तक रहने के लिए एक कमरा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

