गोरखपुर। रेलवे कर्मचारियों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले ‘रेल के गांधी’ एवं मजदूर मसीहा स्वर्गीय कन्हैया लाल गुप्ता को शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उनके अस्थि कलश के अंतिम दर्शन के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक कारखाने के मुख्य गेट पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।
एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू), यांत्रिक कारखाना मंडल गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हरिद्वार में अस्थि विसर्जन के लिए ले जाए जा रहे स्वर्गीय कन्हैया लाल गुप्ता के अस्थि कलश को सर्वप्रथम यांत्रिक कारखाने के मुख्य गेट पर कर्मचारियों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
उपस्थित कर्मचारियों और यूनियन नेताओं ने अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा रेल कर्मचारियों के हितों के लिए उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक संघर्षों और योगदान को याद किया।
कारखाना गेट से रेलवे स्टेशन तक निकली अस्थि कलश यात्रा
श्रद्धांजलि सभा के बाद एनई रेलवे मजदूर यूनियन के नेतृत्व में अस्थि कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा यांत्रिक कारखाने के मुख्य गेट से शुरू होकर
लोकनायक जयप्रकाश नारायण (असुरन चौक) पहुंची, जहां दर्शन के लिए कुछ समय रोका गया। इसके बाद यात्रा केंद्रीय कार्यालय होते हुए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची।
पूरे रास्ते रेल कर्मचारी अपने प्रिय नेता को याद करते हुए ‘कन्हैया लाल गुप्ता अमर रहें’ और ‘मजदूर मसीहा अमर रहें’ के नारे लगाते रहे। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद अस्थि कलश को हरिद्वार में विसर्जन के लिए रवाना किया गया।
रेल कर्मचारियों के संघर्षों को किया गया याद
स्वर्गीय कन्हैया लाल गुप्ता एनई रेलवे मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष और ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन (AIRF) के पूर्व सहायक महामंत्री रहे थे। रेल कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और हितों के लिए उनके संघर्ष ने उन्हें कर्मचारियों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
यही वजह रही कि उनके अंतिम सफर में बड़ी संख्या में कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन के महामंत्री प्रदीप कुमार धर दुबे,
मंडल अध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव, संयुक्त महामंत्री दिलीप कुमार धर दुबे, मंडल मंत्री संजय कुमार पाण्डेय, संयुक्त महामंत्री ओंकारनाथ सिंह, अतुल सिंह, विनय श्रीवास्तव, मुकेश कुमार मल्ल, निशांत यादव, विनोद दुबे,
प्रभाकर यादव, रामनारायण, संजय, संजय मालवीय, जनार्दन प्रजापति, नूरुल हुसैन, अरुण कुमार मिश्रा, अमित गुप्ता, सिकंदर तथा ऑपरेटिव बैंक के सचिव धीरेंद्र श्रीवास्तव सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वर्गीय कन्हैया लाल गुप्ता के प्रति कर्मचारियों का यह सम्मान उनके लंबे संघर्षपूर्ण जीवन और मजदूर हितों के प्रति समर्पण की याद दिलाता रहा। उनके जाने से रेलवे कर्मचारी संगठनों में एक ऐसी कमी महसूस की जा रही है, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।

