चिकित्सा बिल भुगतान की ऑनलाइन व्यवस्था पर कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, बोले– सरकार कर्मचारियों को मरने के लिए छोड़ रही है!

Gorakhpur Halchal

गोरखपुर। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल भुगतान की ऑनलाइन व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मंगलवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया।

प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति की जटिल प्रक्रिया को तत्काल समाप्त करने अथवा ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन व्यवस्था लागू कर उसे सरल बनाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल भुगतान में कई तकनीकी समस्याएं आ रही हैं।

इसके चलते बड़ी संख्या में सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारी, जिनकी नियमित दवाएं और इलाज चल रहा है, आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय पर चिकित्सा भुगतान नहीं हुआ तो गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों और पेंशनरों की जान तक खतरे में पड़ सकती है।

डायलिसिस, लकवा, लीवर सिरोसिस, हार्ट बाईपास और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए बार-बार ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करना और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाना बेहद मुश्किल है।

कैशलेस इलाज की सुविधा का दायरा बढ़ाने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस कार्ड योजना में भी तत्काल संशोधन की मांग उठाई।

उनका कहना है कि इस योजना के अंतर्गत ओपीडी, सभी प्रकार की जांच, संपूर्ण इलाज और प्राइवेट कमरे की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

साथ ही पांच लाख रुपये की निर्धारित सीमा समाप्त कर इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की व्यवस्था की जाए।

इलाज के अभाव में मरीजों की जान जोखिम में न पड़े: अनूप कुमार

अनूप कुमार ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी कर्मचारी या पेंशनर को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी न हो।

अस्पतालों को समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण इलाज बंद करने या मरीजों से पैसे मांगने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

सरकार को अच्छे और प्रतिष्ठित निजी अस्पतालों से बातचीत कर ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों का इलाज बिना किसी आर्थिक बाधा के जारी रह सके।

इस अवसर पर राम समुझ शर्मा, गोविंद जी, अशोक पांडेय, इजहार, राजेश द्विवेदी, सौरभ श्रीवास्तव, जनमेजय पांडेय, सुभाष पांडेय, रामधनी, बंटी, रामचंदर, हरेंद्र कुमार सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *